आप महिला जिला अध्यक्ष वर्षा कलोते ने जनता और पार्षद का जताया आभार.
वायरल वीडियो के बाद वार्ड 26 में सड़क निर्माण कार्य शुरू.
इटारसी के नाला मोहल्ला स्थित वार्ड क्रमांक 26 में सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के बाद आम आदमी पार्टी की महिला जिला अध्यक्ष वर्षा कलोते ने क्षेत्र की जनता एवं वार्ड पार्षद का आभार व्यक्त किया है।
लगभग 15 वर्षों से वार्ड में सड़क, नाली और जल निकासी जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर स्थानीय नागरिक परेशान थे। उनके अनुसार, लगभग 15 दिन पहले उन्होंने क्षेत्र का दौरा कर सड़क, नाली और जलभराव की समस्याओं को लेकर एक वीडियो बनाया था, जिसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक पर साझा किया गया।
उनका दावा है कि यह वीडियो लोगों के बीच व्यापक रूप से देखा और साझा किया गया।
वीडियो के वायरल होने के कुछ दिनों बाद वार्ड क्रमांक 26 में सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया।
इस पर उन्होंने इटारसी की जनता का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों के सहयोग, समर्थन और जागरूकता के कारण जनहित का यह मुद्दा प्रमुखता से सामने आया।
उन्होंने वार्ड क्रमांक 26 के पार्षद का भी आभार जताया और कहा कि उन्होंने इस मामले को संज्ञान में लेकर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।
वर्षा कलोते ने कहा कि वे आगे भी इटारसी की जनता की समस्याओं को उठाने और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करती रहेंगी।
दबंग ब्यूरो





























